Full transcript of “इतना शानदार स्टोरेज सिस्टम है हमारी याददाश्त [Memory: Our Storage System] | DW Documentary हिन्दी”. Click a timestamp to open the video at that moment. Need another video? Use the YouTube transcript generator.
0:01 याददाश्त. हमारे दिमाग़ का विशाल स्टोरेज सिस्टम. हम मन की आंखों से चीज़ों की कल्पना करके उन्हें आसानी से सीखते हैं. लोग स्टेशन पर बड़ा स्ट्रेस्ड हो जाते हैं, बार-बार टिकट देखते हैं कि क्या मुझे प्लेटफ़ॉर्म नंबर सात पर ही जाना है. मैं प्लेटफ़ॉर्म पर सात बौने इमैजिन करता हूं. बौने सात ही थे. कभी कन्फ़्यूज़न नहीं होती कि छह थे या आठ. वो सात ही थे. मैं अपार्टमेंट में बड़बड़ाती रहती हूं. हम दोहराएं न, तो भूल जाते हैं. जो टेक्स्ट कई दिनों से नहीं पढ़ा है, वो ऐक्टिंग करने पर ख़ुद याद आने लगता है, क्योंकि बॉडी ने उसे याद कर लिया था. याददाश्त का हमारी पर्सनैलिटी से गहरा संबंध है, क्योंकि हमारे कॉन्शियस और अनकॉन्शियस में जो भी स्टोर होता है, वो हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित करता है.
0:50 मैं अभी भी ख़ुद को तलाश रही हूं. कभी-कभी लगता है, जैसे मेरी बॉडी में दो अलग-अलग लोग रह रहे हों. हम वही याद रखते हैं, जो हमें प्रभावित करता है. हमारी याददाश्त ही हमारा अस्तित्व बांधे रखती है. मिलकर अच्छा लगा. मैं तो कहूंगा कि हम अपनी यादों से ही बने हैं. वही हमें परिभाषित करती हैं. हमारे दिमाग़ के इस अदृश्य नेटवर्क पर कई अहम ज़िम्मेदारियां हैं. लेकिन हम अपनी याददाश्त का सबसे अच्छा इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं? हमारा दिमाग़ एक मांसपेशी जैसा है. इसे यूज़ न करने पर ये कमज़ोर हो जाता है. इसे ट्रेनिंग से रीऐक्टिवेट भी कर सकते हैं.
1:43 अतीत की यादों से तय होता है कि मुझे वर्तमान में कैसा महसूस होता है. ये मेरी पर्सनैलिटी का बड़ा हिस्सा है. मैं हान्ना मोन्येर हूं, क्लिनिकल न्यूरोबायोलॉजी की डायरेक्टर. ये डिपार्टमेंट हाइडेलबेर्ग यूनिवर्सिटी और जर्मन कैंसर रिसर्च सेंटर में बेस्ड है. मैं समझना चाहती हूं कि कुछ सीखने पर, सीखी हुई चीज़ें याद करने पर और उन्हें दोबारा सहेजने पर दिमाग़ में क्या होता है. मेरे दोस्त हमेशा कहते हैं कि मेरी याददाश्त हाथी जैसी है. हाथी चीज़ें हमेशा याद रखते हैं. मैं भी ऐसी ही हूं. मुझे बहुत सारी घटनाएं याद रहती हैं. मैं टेक्स्ट लंबे वक़्त तक याद रख सकती हूं. मैं हेनरिएटे होल्त्ज़ेल हूं.
2:29 मैं 31 साल की हूं और ड्रेसडन से हूं. अभी मैं श्टाट्सशाउसपिएल ड्रेसडन में काम कर रही हूं. मैंने लाइपज़िश की म्यूज़िक ऐंड थिएटर यूनिवर्सिटी से ऐक्टिंग सीखी है. मेरे लिए ख़ुद को अलग-अलग तरीक़ों से बयां कर पाना बहुत ख़ास है. ख़ासकर जो मैं निजी ज़िंदगी में नहीं कर सकती. मैं हमेशा अपनी बॉडी से कुछ करने, ख़ुद को पुश करने में इंट्रेस्टेड रही हूं और ऐक्टिंग इन सारी चीज़ों को साथ लाती है. हेलो? आपने पूरा कर लिया? नहीं, अभी चल रहा है. वो बहुत अच्छा था. आप वाक़ई में ऐसे मूव करते हैं? मेरे पेशे में याददाश्त बहुत अहम भूमिका निभाती है,
3:15 क्योंकि मुझे बहुत सारा टेक्स्ट याद करना पड़ता है. साथ में कोरियोग्राफ़ी और गाना भी. डांसिंग. हर तरह की चीज़ें. अभी मेरे क़रीब सात-आठ प्रोडक्शंस, रेग्युलर मंथली प्रोडक्शंस होने वाले हैं. साथ में एक नए प्ले की रिहर्सल्स हैं, जिसकी लाइनें अभी मुझे याद करनी हैं. हेलो! ये वाक़ई अद्भुत है कि दिमाग़ में कितने कंपार्टमेंट होते हैं. जैसे छोटे-छोटे दराज़ हों, जहां आप टेक्स्ट रखकर उन्हें बंद कर देते हैं. फिर कुछ हफ़्तों बाद किसी ख़ास नाटक के लिए एक दराज़ खोलते हैं. सब कुछ फिर से निकालते हैं और कोई दूसरी दराज़ बंद कर देते हैं. तो दिमाग़ में हमेशा कुछ न कुछ चलता रहता है.
4:03 कुछ लोगों में ख़ासियत होती है कि वो कोई चीज़ एक बार सुनकर ही याद कर लेते हैं और लंबे वक़्त तक याद रखते हैं. वहीं कुछ लोगों को एक कविता याद करने में भी बहुत ज़ोर लगता है. इसका सीधा ताल्लुक़ अक़्ल से नहीं, बल्कि याददाश्त से है. कभी-कभी मैं कुछ तरीक़े अपनाती हूं. जैसे मेकअप करते हुए एक-दो गाने गाना या कोई टेक्स्ट पढ़ना.
4:50 आप दिमाग़ को उस स्थिति से निकालते हैं, जहां आप बार-बार उलझ रहे होते हैं. अगर कुछ याद नहीं आ रहा है, तो आप रुकते हैं और कुछ और सोचने लगते हैं. कभी-कभी वो याद आ जाता है, क्योंकि वो दिमाग़ में रखा होता है. कभी-कभी मैं रिस्क लेकर सीधे कूद पड़ती हूं, क्योंकि मुझे ये देखना दिलचस्प लगता है कि वहां क्या है. मैं ऐसा न करती, अगर मुझे पहले कई बार ये अनुभव न हुआ होता कि सब कुछ दिमाग़ में रहता है. लेकिन मोनोलॉग की तैयारी मैं हमेशा करती हूं. अक्सर ब्रेक के बीच. जब मैं कोई कविता याद करती हूं, जैसे 'द एर्ल-किंग', तो मुझे उसे बार-बार दोहराना पड़ता है. मुझे अपने सिनैप्स को ट्रेन करना पड़ता है. और ऐसा कई बार कर लेने पर वो मुझे याद रह जाता है.
5:36 हम सबने एग्ज़ाम दिए हैं और जानते हैं कि एक साल बाद हमें उसका ज़्यादातर हिस्सा याद नहीं रहेगा. लेकिन उसकी ज़रूरत भी नहीं होती है. ज़रूरत होगी, तो हम उसे फिर देख लेंगे. एक साल बाद 'द एर्ल-किंग' को दोबारा याद करना आसान होगा और वो देर तक याद भी रहेगा. जब हम कुछ सीखते या कोई याद बनाते हैं, तो हमारे दिमाग़ की नर्व सेल्स बदलती हैं. कोई घटना या जानकारी दिमाग़ को प्रभावित करती है और नर्व सेल्स सक्रिय हो जाती हैं. इससे एक 'मेमोरी ट्रेस' बनता है, जिसे एन्ग्राम भी कहते हैं.
6:22 नर्व सेल्स आपस में सिनैप्स के ज़रिए बातचीत करते हैं. सेल A से निकला रासायनिक संदेश सेल B के ख़ास रिसेप्टर्स से जुड़ता है, जिसे इलेक्ट्रिक सिग्नल के रूप में मापा जा सकता है. सीखने की इस प्रक्रिया में नर्व सेल्स में स्थायी बदलाव होते हैं. यही सही तरीक़े से सीखने की बुनियादी शर्त होती है. एन्ग्राम यानी मेमोरी ट्रेस यादों को बाद में फिर से याद करने का आधार बनते हैं. जब हम कुछ याद करते हैं, तो वो मेमोरी ट्रेस फिर से सक्रिय हो जाता है. फिर जब हम उसे दोबारा स्टोर करते हैं, तो वो अक्सर थोड़े बदले स्वरूप में सेव होता है. यानी यादें स्थिर नहीं होती हैं. वो लगातार बदलती रहती हैं.
7:10 हम सरसरी तौर पर नहीं कह सकते कि हम कितने एन्ग्राम बना सकते हैं. यक़ीनन हम बहुत सारे बना सकते हैं. लेकिन हम सभी के एन्ग्राम नहीं बनाते, क्योंकि हमें उनकी ज़रूरत नहीं होती. अगर मुझे किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं है, तो उसे याद रखने का कोई मतलब नहीं है. और मेरी ज़रूरत उस पल पर निर्भर करती है. उस समय की मेरी मानसिक स्थिति पर निर्भर करती है. मेरी दिलचस्पी, मैं कितना सतर्क हूं, मेरी भावनाएं कैसी हैं. यानी हमारी याददाश्त असल में बीते वक़्त की एक रचना होती है, जिसमें हम कुछ बातें छोड़ देते हैं और कुछ नई बातें जोड़ देते हैं.
7:57 यादें बहुत अहम होती हैं. सिर्फ़ ख़ुद को समझने और रोज़मर्रा के कामों के लिए ही नहीं, बल्कि इसलिए भी कि दूसरे हमें कैसे देखते हैं. ये बात हमें उन लोगों से मिलकर साफ़ तौर पर समझ आती है, जो अपनी याददाश्त खो चुके होते हैं. अब जाकर मुझे एहसास हुआ है कि हमारी याददाश्त कितनी अहम है. यहां तक कि ज़िंदा रहने के लिए भी. हम रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इस पर ज़्यादा ध्यान नहीं देते, क्योंकि हम मान लेते हैं कि ये अपने-आप काम करती है. मेरा नाम निकोल आडम है. मैं 50 साल की हूं और 49 की उम्र में मुझे कई बार स्ट्रोक आए. उस पल से मेरी ज़िंदगी रातों-रात बिल्कुल बदल गई.
8:43 स्ट्रोक के बाद से मैं याददाश्त की बीमारी से जूझ रही थी. मैं पहले जो कर पाती थी, अब उसका 30 फ़ीसदी ही कर पाती हूं. जब आप कोई किताब पढ़ते हैं, तो पढ़ी हुई बात याद करना चाहते हैं, लेकिन मुझे याद ही नहीं आती है. आप शायद कल्पना भी नहीं कर सकते. ऐसा लगता है, जैसे मैं बिल्कुल कट गई हूं. याददाश्त की समस्याएं सिरदर्द जैसी होती हैं. हम सब भूलने की आदत से वाक़िफ़ हैं. हम सबके साथ ऐसा हुआ है कि कोई नाम याद नहीं आता या कोई अपॉइंटमेंट छूट जाती है. लेकिन ये समस्या तब बनती है, जब इंसान ख़ुद या उसके अपने ये महसूस करते हैं कि बीमारी के बाद उसकी सोचने-समझने की क्षमता काफ़ी कम हो गई है. और जब भूलने की समस्या रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर डालने लगे.
9:33 मेरा नाम अंगेलिका थूनो ऑटो है. मैं लाइपज़िश यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के डे क्लीनिक फ़ॉर कॉग्निटिव न्यूरोलॉजी में सीनियर न्यूरोसाइकोलॉजिस्ट हूं. स्ट्रोक के मामले में अमूमन ख़ून के थक्के किसी रक्त वाहिका में फंस जाते हैं और उसे बंद कर देते हैं. इससे आगे की तंत्रिका कोशिकाओं को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और वो मर सकती हैं. नतीजतन अलग-अलग समस्याएं दिखने लगती हैं. ये इस पर निर्भर करता है कि घटना दिमाग़ के किस हिस्से में घटित हुई है. इसके सबसे आम लक्षण हैं बोलने में दिक़्क़त, मुंह का एक हिस्सा टेढ़ा होना या शरीर के एक तरफ़ लकवा मार जाना. मुझे अपने बाएं हिस्से का एहसास ही नहीं होता था.
10:19 या कहें कि मेरा दिमाग़ उसे दर्ज ही नहीं करता था. तो मेरे लिए संतुलन बनाए रखना मुश्किल था. कुछ हद तक इसलिए भी कि मुझे हमेशा नशे में होने जैसा एहसास होता था, जो अभी भी है. पिछले डेढ़ साल से हर दिन, सुबह से रात तक, मुझे यही महसूस हो रहा है. फिर रोज़मर्रा की चीज़ें भी मुश्किल हो गईं. जैसे घर से निकलते समय चाबी लेना याद रखना, खिड़की बंद करना, गैस बंद करना. और फिर स्थिति वाक़ई गंभीर हो गई, जब मैं फ़्लश करना भूलने लगी. ऐसी चीज़ें, जो एक आम इंसान आसानी से करता है.
11:05 शुरुआत में ये मेरे लिए सच में समस्या थी. तो मेरे बच्चों ने प्यार से टॉयलेट के सामने एक नोट लगा दिया, ताकि मैं फ़्लश करना न भूलूं. यह सुनने में मज़ाकिया लगता है, लेकिन शुरुआत में ये वाक़ई बहुत बुरा था. न्यूरोसाइकोलॉजिस्ट होने के नाते हम एक तरफ़ ये स्टडी करते हैं कि दिमाग़ की चोट का कॉग्निटिव फंक्शन पर क्या असर पड़ता है. जैसे ध्यान, याददाश्त या समस्या हल करने की क्षमता. दूसरी तरफ़, दिमाग़ से जुड़ी बीमारियां हमेशा मनोदशा, आत्मसम्मान और बर्ताव पर भी असर डालती हैं. जब आप ख़ुद को जानते हैं,
11:51 तो आपको लगता है कि आप अजीब बर्ताव कर रहे हैं. कभी-कभी लगता है, जैसे मेरी बॉडी में दो अलग-अलग लोग रह रहे हों. हम ख़ुद हमारी यादें हैं. हमारी आत्म-समझ और आत्म-छवि पूरी तरह इस पर निर्भर करती है कि हम ख़ुद को समय और दुनिया में कैसे देखते हैं: हम कौन थे और हम कौन हैं. हमारी याददाश्त हमारी पूरी ज़िंदगी का एक साझा धागा है. मैं आंद्रेयास पापसितोरोपॉलस हूं. मैं साइकियाट्रिस्ट और साइकोथेरेपिस्ट हूं और 2007 से स्विट्जरलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ़ बाज़ल में
12:38 मॉलिक्यूलर न्यूरोसाइंस का प्रोफेसर हूं. दिमाग़ की एक अपर लिमिट होती है. गति के मामले में भी और उस जानकारी की मात्रा के मामले में भी, जिसे कोई इंसान सचेत रूप से सीख सकता है और बाद में याद कर सकता है. भूलना एक स्वस्थ याददाश्त का बहुत अहम हिस्सा है. ज़रूरी और गैर-ज़रूरी चीज़ों में फ़र्क़ करने के लिए भूलना जरूरी है. कभी-कभी मुझे लगता है कि मेरा दिमाग़ काम से जुड़ी चीज़ों से इतना भर चुका है कि वो ख़ुद ही कुछ चीज़ें छांट देता है. वो उन चीज़ों को अलग कर देता है, जो शायद मेरे लिए इतनी अहम नहीं हैं या जिनसे मैं जज़्बाती तौर पर नहीं जुड़ पाती. इसी वजह से मैंने सब कुछ लिखना शुरू कर दिया. 'कल ईवा को फोन करना',
13:23 क्योंकि मुझे पता है कि मैं लोगों को फोन करना भूल जाती हूं. या फिर मैं चीज़ें याद रखने के लिए मेमोरी हुक्स इस्तेमाल करती हूं. जैसे एक सीन में डायलॉग है और मैंने नोट किया कि हर हिस्सा 'W' से शुरू होता है: याद रखने के लिए नेमॉनिक डिवाइस बहुत अच्छा तरीक़ा है. जब कोई जानकारी बार-बार दोहराई जाती है या जब मैं उसे पहले से मौजूद जानकारी से जोड़ पाता हूं, तो वो आसानी से याद रहती है. तीसरी बात है कि जब कोई जानकारी मुझमें जज़्बात पैदा करती है, तो वो एक संकेत बन जाती है,
14:10 जो दिमाग़ को बताता है कि ये जानकारी अहम है. यानी मुझे इसे लंबे समय तक याद रखना है. इस तरह तीन चीज़ें बहुत अहम होती हैं. दोहराव, पहले से मौजूद जानकारी से जोड़ना और जज़्बाती अहमियत. ये तीन बुनियादी वजहें तय करती हैं कि कोई जानकारी या एहसास, जो मैं अभी अनुभव कर रहा हूं, वो मेरी लंबी याददाश्त में रहेगा या नहीं. जब मैं अपनी कही बात को किसी और चीज़ से जोड़ पाती हूं या किसी बात का मुझ पर असर पड़ता है, तो मैं उसे बहुत जल्दी याद कर लेती हूं और लंबे समय तक याद रखती हूं. अगर मैं ख़ुद ही नहीं समझती हूं कि मैं क्या कह रही हूं,
14:56 तो वो मुझे याद भी नहीं रहता है. ये स्कूल जैसा ही है, जब मैंने बायोलॉजी में कुछ ऐसा सीखा, जो मुझे समझ नहीं आया. भले ही वो दिलचस्प था, पर समझ न आने की वजह से मुझे उसे याद रखने में मुश्किलें आईं. जबकि जो चीज़ें मैं समझ पाती थी और इस्तेमाल कर पाती थी, वो मुझे ज़्यादा आसानी से याद रहती थीं. क्योंकि वो मेरे लिए मायने रखती थीं. मैं आज भी ऐसी ही हूं. कभी-कभी मुझे बहुत शांति और सुकून चाहिए होता है. तब मैं अपने सोफ़े पर या टेबल पर बैठती हूं. मैं रिहर्सल के बाद शाम को भी पढ़ती हूं, भले ही उस समय पढ़ी चीज़ मैं अच्छे से याद नहीं कर पाती हूं. लेकिन मैं सोने से ठीक पहले उसे एक आख़िरी बार फिर से ज़रूर देख लेती हूं. क्योंकि मुझे लगता है कि अगर वो मेरे दिमाग़ में तब जाए, जब मेरा मन शांत हो और मैं सोने वाली हूं, तो वो आख़िरी चीज़ होती है, जो मेरे दिमाग़ में रहती है और शायद ज़्यादा समय तक टिकती भी है.
15:44 वैसे भी किसी चीज़ को अच्छे से याद करने या उसे मन में बिठाने के लिए मुझे हमेशा बीच में एक रात चाहिए होती है. मैं अपने स्टूडेंट्स से हमेशा कहता हूं कि अगर आप सच में अच्छी तरह पढ़ाई करना चाहते हैं, तो शाम को पढ़ाई करें और फिर सो जाएं. सोते समय आख़िरी सीखी गई जानकारी अच्छी तरह कंसॉलिडेट हो जाती है. सिनैप्स स्थिर हो जाते हैं या स्थिर सिनैप्स बनते हैं. कोई भी इसे ख़ुद आज़मा सकता है. अगली सुबह जानकारी इतनी ताज़ा होती है कि आप हैरान रह जाएंगे. 'वाह, मैंने तो ये बहुत अच्छी तरह पढ़ा!' आपने बस इतना किया होता है कि पढ़ाई की और आप बिना किसी रुकावट के सो गए. और दिमाग़ को सोते समय इस जानकारी को मज़बूत करने का मौका मिल गया.
16:42 ख़ुशक़िस्मती से दिमाग़ मांसपेशी नहीं है. लोग अक्सर कहते हैं कि आप दिमाग़ को मसल की तरह ट्रेन कर सकते हैं. तो मैं कहता हूं कि अच्छा है कि ये मसल नहीं है. आप अपने दिमाग़ को ट्रेन कर सकते हैं, लेकिन ये मसल ट्रेनिंग से बिल्कुल अलग है. अगर आपके पास सही स्ट्रैटेजी और मोटिवेशन हो, तो आप इससे बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं. हेलो, मेरा नाम योहानस मैलो है. मैं माग्डेबुर्ग में रहता हूं और यहां यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में रिसर्च असिस्टेंट हूं. मैं मेमोरी ट्रेनर भी हूं और सालों से लोगों को सिखा रहा हूं कि चीज़ों को बेहतर तरीक़े से कैसे याद रखें. असल में ये चीज़ों को तस्वीरों की तरह इमैजिन करने से जुड़ा है. मैं अपने लेक्चर में अक्सर ऑडियंस के साथ एक एक्सपेरिमेंट करता हूं. मैं उन्हें समझाता हूं कि जर्मनी के सभी 12 राष्ट्रपतियों को सही क्रम में कैसे याद रखें. हमारा शरीर ही चीज़ों को याद रखने का ज़रिया बन जाता है.
17:27 ये सुनने में शानदार लग सकता है और ये है भी. क्योंकि इसका मतलब ही है कि ये ध्यान देने योग्य है. पहला शब्द, जिसे हम याद रखना चाहते हैं, वो है 'छोटा घर'. अब कल्पना कीजिए कि आपके सिर पर एक छोटा सा घर है. ये किसी चिड़िया का घर भी हो सकता है. अब कंधों पर. मैं अपने कंधों पर एक व्हीट बीयर की कल्पना करता हूं. अब सीने की ओर चलते हैं. यहां मैं एक अहम चीज़ नोट करता हूं: दिल. मैंने लेक्चर में क्या किया कि मैंने अपने शरीर के साथ एक सफ़र किया. मेरा सिर, आंखें, नाक, मुंह, ठुड्डी और कंधे वगैरह. और मैंने वहां अलग-अलग चीज़ें रखीं, जो मुझे इन राष्ट्रपतियों की याद दिलाती हैं. पहले कौन थे? क्या आप जानते हैं? किसी ने कहा हॉयस. हॉयस पहले राष्ट्रपति थे,
18:13 जो 'हाउस' जैसा लगता है. तो आपने अपने सिर पर एक घर रखा. फिर सीने पर, जहां आपका दिल धड़कता है, वहां हम 'हेर्त्ज़ोग' को रख सकते हैं. फिर आपका पेट योहानस राउ. आपका पेट ख़राब है, क्योंकि आपका 'रो' यानी झगड़ा हुआ. इस तरह आपने बिना मशक्कत के 12 राष्ट्रपतियों के नाम याद कर लिए. मैं कहूंगा कि मेमोरी टेक्नीक्स का अक्ल से कोई रिश्ता नहीं है. बिल्कुल भी नहीं. मैं मानता हूं कि कोई भी इसे सीख सकता है. चाहे वो स्कूल में कैसा भी रहा हो या वो व्यावहारिक रूप से ज़्यादा सक्षम हो या वैज्ञानिक रूप से. हर कोई ये तरीक़ा इस्तेमाल कर सकता है. ये कुछ हद तक मेमोरी हुक जैसा है.
19:00 आप एक चीज़ को दूसरी चीज़ से जोड़ते हैं. इससे सीखी हुई चीज़ें याद करना आसान हो जाता है. अगर ये प्रक्रिया मज़ेदार हो, अगर ये आपको और सीखने और अपना दायरा बढ़ाने को प्रेरित करे, तो आप इसे जारी रखते हैं. तो ये एक तरह का फ़ीडबैक लूप जैसा है. सीखना समझ की ओर ले जाता है. समझ फिर से सीखने की प्रेरणा देती है और सिलसिला चलता रहता है. मैं हफ़्ते में एक बार ऑक्यूपेशनल थेरेपी के लिए जाती हूं, जो मुझे बहुत मदद करती है. ख़ासकर मिरर थेरेपी, जिसमें दिमाग़ में फिर से उल्टी छवि की आदत डाली जाती है.
19:51 मैं इन्हें मिला रही हूं. यहां मेरे सामने तीन रंग हैं. इसमें पीला, इसमें खुबानी रंग और पीछे हरा. बाक़ी मायने नहीं रखते. आपको इन्हें छांटना है. फिर मैं बस अलग-अलग चीज़ों के साथ काम करती हूं. यानी जो भी ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट मुझे पकड़ने और छांटने के लिए कहती हैं, मैं वही करती हूं. मैं ये अपने दाहिने हाथ से करती हूं. लेकिन अपने दिमाग़ को संकेत देती हूं कि ये बायां हाथ है. मैं चेक कर रही हूं. हां 9 20 हां. ओके, चलो फिर. दस और करते हैं. बहुत अच्छा. ये शानदार था. हम इंसान विज़ुअली बहुत प्रभावित होते हैं. हमारी देखने की क्षमता बहुत मज़बूत है और हम वही मानते हैं,
20:39 जो देखते हैं. इसका मक़सद है कि दिमाग़ को यक़ीन दिलाया जाए कि 'ये काम वही कमज़ोर हाथ कर रहा है'. और वो कर सकती हैं, क्योंकि दायां हाथ ठीक है. यक़ीनन दायां हाथ बेहतर काम करता है, क्योंकि उसे नुक़सान नहीं पहुंचा है. आप एक तरह से दिमाग़ को धोखा देने की कोशिश करते हैं. मक़सद है कि मसल्स दोबारा सीखें. यानी दिमाग़ ख़ुद को ढाले और मसल्स फिर से सीखें. वो अब भी काफ़ी प्रोग्रेस कर सकती हैं. उनके ठीक होने की बेहतर संभावना है, क्योंकि उनके इरादे मज़बूत हैं और वो काफ़ी मोटिवेटेड है. वो बदलाव चाहती हैं और काम करना चाहती हैं. और स्ट्रोक के बाद कुछ नया सीखने के लिए यही सबसे बुनियादी शर्त है: मोटिवेशन. आज हमें पता है कि दिमाग़ लचीला होता है. यानी तंत्रिका कोशिकाओं के बीच नए संबंध,
21:26 जिन्हें सिनैप्स कहते हैं, बार-बार बन सकते हैं. और रिहैबिलिटेशन में हम इसी प्रक्रिया को बढ़ावा देने की कोशिश करते हैं. हम दिमाग़ के ख़ास हिस्सों को ट्रेन करते हैं, ताकि नए सिनैप्स बन सकें और उम्मीद करते हैं कि इससे कमज़ोरियां कम होंगी या पूरी तरह ख़त्म हो जाएंगी. लेकिन जो तंत्रिका कोशिकाएं मर चुकी हैं, उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता. हेलो, मिस एडम. आपको देखकर ख़ुशी हुई. एक रिसर्च प्रॉजेक्ट के तहत हमने ऐसे टास्क बनाए हैं, जिनमें मरीज़ों को मेज़ पर रखी चीज़ों की जगह याद रखनी होती है. यहां वर्चुअल रिऐलिटी बड़ी मददगार साबित होती है. ज़रूरत पड़ने पर हम ये भी देख सकते हैं कि मरीज़ ने अपना सिर
22:15 किस ओर घुमाया और किसी चीज़ को कितनी देर तक देखा. इसके आधार पर हम तय कर सकते हैं कि इस क्षमता को ट्रेन करने के लिए कौन से टास्क सबसे उपयुक्त हैं. मैं आपको डराना नहीं चाहती हूं; मैं आवाज़ बढ़ा रही हूं. क्या अब आपको कुछ दिख रहा है? हां. ओके. आप डिस्क्राइब कर सकती हैं? एक कमरा. ओके. अब कुछ सेकेंड तक मेज़ पर रखी चीज़ें देखिए और उनकी जगह याद करिए. VR ग्लासेस से मैंने मेज़ पर अलग-अलग चीज़ें ख़ास जगहों पर रखी हुई देखीं. फिर वो ग़ायब हो गईं और मुझे वो सारी चीज़ें दोबारा वहीं रखनी थीं. ये मेरे लिए आसान नहीं था. ख़ासकर तब, जब सब कुछ मिरर इमेज की तरह उल्टा दिख रहा था.
23:03 इससे मुझे अपने हाथ की कसरत करने में बहुत मदद मिली. जैसा कि आप आज देख सकते हैं, मैं अब अपना हाथ फिर से हिला पा रही हूं, जो अपने आप में हैरतअंगेज़ बात है! तो मैं बहुत ख़ुश हूं कि मैं अपना हाथ ऐसे हिला सकती हूं. जब हम याददाश्त की बात करते हैं, तो आम तौर पर हमारा मतलब कोई ख़ास चीज़ याद रखने से होता है. लेकिन याददाश्त सिर्फ़ एक तरह की नहीं होती है. जैसे वैज्ञानिक एक्सप्लिसिट और इम्प्लिसिट मेमोरी में फ़र्क करते हैं. एक्सप्लिसिट मेमोरी को फैक्ट्स वाली याददाश्त भी कहते हैं. ये उन बातों और तजुर्बों को संभाल कर रखती है, जो हम सीखते और महसूस करते हैं.
23:49 इसमें 'फ़्रांस की राजधानी पेरिस है' जैसी मालूमात शामिल हैं और निजी अनुभव भी. जैसे बच्चे की पैदाइश या दो साल पहले हुआ कार हादसा. दूसरी तरफ़, इम्प्लिसिट मेमोरी उन तजुर्बों और महारतों को संभालती है, जिन्हें हम बिना सोचे-समझे करते हैं. इसमें आदतें या मोटर स्किल्स शामिल हैं. जैसे साइकिल चलाना. एक बार सीख लेने के बाद हम कई साल बाद भी बिना प्रैक्टिस किए इन्हें कर सकते हैं. इस छिपी हुई याददाश्त का अपने-आप इस्तेमाल होना हमारा बहुत वक़्त और मेहनत बचाता है. इससे दिमाग़ ज़्यादा अहम चीज़ों पर ध्यान दे पाता है.
24:37 किसी व्यक्ति की याददाश्त कितनी अच्छी या ख़राब होगी, ये 50 फ़ीसदी आनुवंशिक कारणों पर निर्भर करता है. यानी व्यक्तिगत जीन पर और 50 फ़ीसदी वातावरण पर. यहां 'वातावरण' से आशय शिक्षा और सामाजिक परिस्थितियों से है. हर इंसान एक आनुवंशिक संरचना के साथ पैदा होता है. लेकिन हमें नहीं भूलना चाहिए कि ये सिर्फ़ 50 फ़ीसदी है. वातावरण भी उतना ही अहम होता है. ये सुधार या गिरावट की भी बहुत गुंजाइश देता है. मैं 'मेफ़िस्टो' में बारबरा ब्रुकनर का रोल करती हूं. वो मेफिस्टो की पत्नी हैं. ये क्लाउस मान के नॉवेल पर आधारित है.
25:24 वो नाटक की इकलौती किरदार है, जो नाज़ीवाद और फ़ासीवादी विचारधाराओं को समझती है. और समझने का मतलब है कि वो उसका विरोध भी कर सकती है. वो कहती है कि 'हम लोगों को यूं ही ख़ारिज नहीं कर सकते और हम बस कह दें कि सब बकवास है, सब पागलपन है'. बल्कि उल्टा वो पूछती है कि 'ये कहां से आता है? ये है क्या?' मेरे लिए टेक्स्ट याद करके उसे तुरंत सीन के रिहर्सल में यूज़ करना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि मेरे शरीर को पहले उस टेक्स्ट से जुड़ना पड़ता है. मुझे पहले ये समझना होता है कि मैं क्या कर रही हूं, कब, कहां और कैसे कर रही हूं और वो करते समय क्या बोल रही हूं. फिर सब कुछ अपने आप होने लगता है. एक लय बन जाती है, जहां मेरा शरीर उसे याद कर लेता है और सब कुछ आपस में जुड़ जाता है.
26:21 थिएटर के ऐक्टर्स अपने रोल और लाइनें याद कर सकते हैं, उन जगहों से जुड़कर, जहां वे मंच पर चलते हैं. किसी घटना का 'क्या, कब और कहां' किसी ख़ास जगह से जुड़ा होता है. जब हम कोई चीज़ दोबारा याद करते हैं, तो हमें पता होता है कि वो कहां हुई थी. तो जब उस जगह की याद वापस सक्रिय होती है, तो उससे जुड़ी यादें भी लौट आती हैं. कभी-कभी मैं कोशिश करता हूं कि टेक्स्ट को एकदम परफ़ेक्ट तरीक़े से न याद करूं. इससे एक अलग ही एड्रेनलिन रश मिलता है,
27:06 जो स्टेज पर बुरा नहीं है. ये आपको नई आज़ादी का एहसास देता है. क्रिएटिविटी इंसानी दिमाग़ की एक ख़ूबी है, जिसके लिए थोड़ी धुंधलाहट ज़रूरी है. कभी-कभी ये सही होता है कि मैं सब कुछ बिल्कुल अच्छे से याद न रख पाऊं, क्योंकि तभी मैं ज़्यादा क्रिएटिव हो सकता हूं. मैं वो 'ख़ाली जगहें' कुछ नए और हैरतअंगेज़ विचारों से भर सकता हूं. यही असली क्रिएटिविटी है. जब सब कुछ बिल्कुल तय होकर अपनी जगह पर स्टोर हो जाए, तो आप असल में कंप्यूटर की बात कर रहे होते हैं. एक बहुत ही उच्च क्षमता वाला कंप्यूटर, लेकिन बिना सोच-समझ के. उसमें रचनात्मकता के लिए कोई जगह नहीं बचती है.
27:51 इसलिए भूलना भी सीखने का एक बहुत अहम हिस्सा है. दरअसल हमारे दिमाग़ में ऐसे ख़ास मॉलिक्यूलर मैकेनिज़्म्स होते हैं, जो सक्रिय रूप से भूलने में मदद करते हैं. मुझे एक प्रोग्रेसिव मसल डिज़ीज़ है, यानी ये वक़्त के साथ और बढ़ती जाती है. धीरे-धीरे मेरी कंकालीय मांसपेशियां कमज़ोर होती गईं. इसलिए मैं लगभग 30 साल की उम्र से पूरी तरह व्हीलचेयर पर हूं. और इन सब मुश्किलों के बीच, जिसमें बीमारी के कारण डिप्रेशन के दौर भी शामिल हैं, ये मेमोरी स्पोर्ट मुझे हमेशा ऊपर उठाने वाला रहा है. मैं देख पाता हूं कि वाह, मैं इसमें अच्छा हूं, मेरे अंदर इसकी क़ाबिलियत है.
28:38 एक तरीक़ा ये है कि गैर-स्थानिक जानकारी याद करते समय उसकी स्थानिक रूप में कल्पना की जाए. और कई मेमोरी आर्टिस्ट, जो बहुत लंबे अंकों की सीरीज़ याद कर सकते हैं, असल में 'मेमोरी पैलेस' टेक्नीक यूज़ करते हैं. मैं क्रिस्टियान डोलर हूं, माक्स प्लांक इंस्टिट्यूट फ़ॉर ह्यूमन कॉग्निटिव ऐंड ब्रेन साइंसेज़ का साइंटिफ़िक डायरेक्टर. मेरी दिलचस्पी याददाश्त और हायर कॉग्निटिव प्रॉसेसेज़ के न्यूरोबायोलॉजिकल आधार में है. मैं माक्स प्लांक सोसायटी का उपाध्यक्ष भी हूं. वो अलग-अलग नंबरों की अलग-अलग जगहों पर कल्पना करते हैं और फिर मानसिक रूप से उन जगहों के बीच 'घूमते' हैं, ताकि उन अलग-अलग नंबरों को आपस में जोड़ सकें.
29:25 ये इस बात का अच्छा उदाहरण है कि कैसे स्थानिक नेविगेशन और जगह की कल्पना करना, गैर-स्थानिक जानकारी को बेहतर तरीक़े से याद रखने और उसे रीकॉल करने में मदद करता है. गतिविधियों का ये क्रम किसी कोरियोग्राफ़ी जैसा है, जहां ये छवियां कोरियोग्राफ़ी के हर पड़ाव पर सहेजी जाती है. जैसे मान लीजिए मुझे अपनी अपॉइंटमेंट्स याद रखनी हैं. तो मैं सबसे पहले डेंटिस्ट की अपॉइंटमेंट याद करता हूं. मैं कल्पना करता हूं कि मेरा डेंटिस्ट एक एक्ज़िबिशन में है और ड्रिल लेकर मेरा इंतज़ार कर रहा है. वहां पहुंचने पर मैं सोचता हूं कि मेरा डेंटिस्ट यहां मेरा इंतज़ार क्यों कर रहा है? इसके बाद मान लीजिए मेरी पोस्ट ऑफिस जाने की भी अपॉइंटमेंट है, जहां मुझे कुछ चीज़ें जमा करनी हैं. फिर इस घंटी में एक बड़ा मेलबॉक्स बना हुआ है.
30:11 उस किनारे के ऊपर एक कार रिपेयर सर्विस हो सकती है. अब मैं कल्पना करता हूं कि मेरी कार सबसे ऊपर, उस किनारे पर खड़ी है. मेरी छोटी सी कार वहां है. वो छोटी होकर सिकुड़ गई है और वो उस किनारे पर खड़ी है. और आख़िरी में मैं ये भी सोचता हूं कि मुझे अभी जन्मदिन के तोहफ़े ख़रीदने हैं. तो उस टेबल पर मेरे पास ढेर सारे तोहफ़े होंगे. और यही मेरी कहानी बन जाती है. मैं इसे बार-बार दोहराता हूं. और ये मेरे दिमाग़ में टिक जाती है, क्योंकि अगर मेरा डेंटिस्ट सच में वहां ड्रिल लेकर कैथेड्रल में खड़ा होता, तो मुझे याद करने के लिए मशक्क़त नहीं करनी पड़ती. मैं उसे कभी भूल ही नहीं सकता था. जब हम इधर-उधर चलते हैं, तो हम हमारे दिमाग़ में चल रही प्रक्रियाओं के बारे में
30:57 बहुत कम ही सोचते हैं. हमारे दिमाग़ में एक 'इंटरनल नेविगेशन सिस्टम' होता है, जो हमें एक से दूसरी जगह जाने में मदद करता है. इसमें 'प्लेस सेल्स' होते हैं, जो वातावरण के बहुत ख़ास हिस्सों को दर्शाते हैं. जैसे सेल A तब सक्रिय होता है, जब मैं खिड़की के पास होती हूं और सेल B तब, जब मैं दरवाज़े पर होती हूं. इसी तरह के हज़ारों न्यूरॉन्स मिलकर पूरे स्थान का नक्शा बनाते हैं. जिन कोशिकाओं को 'ग्रिड सेल्स' कहते हैं, वो आसपास के वातावरण की संरचना को कोड करती हैं. अलग-अलग ग्रिड सेल्स मिलकर हेक्सागॉन जैसे पैटर्न बनाती हैं, जो आंशिक रूप से ओवरलैप होते हैं. बड़ी संख्या में मौजूद इन न्यूरॉन्स से दिमाग़ दूरी माप सकता है और तय कर सकता है कि वो किस जगह और किस दिशा में है.
31:45 यही सिस्टम हमें अनजान जगहों में भी रास्ता ढूंढने में मदद करता है. जैसे किसी नए सुपरमार्केट में या एयरपोर्ट पर. और जब हम किसी जगह का नक़्शा जान लेते हैं, तो हम जल्दी और फ्लेक्सिबल तरीक़े से काम कर सकते हैं और यहां तक कि किसी विदेशी शहर के सुपरमार्केट में भी चीज़ें ढूंढ सकते हैं. हम मानते हैं कि दिमाग़ का ये इंटरनल नेविगेशन सिस्टम सिर्फ़ A से B तक जाने या अलग-अलग जगहों को समझने और बिल्डिंग या एयरपोर्ट में रास्ता ढूंढने के लिए ही नहीं है. बल्कि ये गैर-स्थानिक जानकारी को याद रखने के लिए भी बहुत अहम है. हमारा मानना है कि इस तरह के 'कॉग्निटिव मैप्स' बनाना अच्छी याददाश्त के लिए बहुत ज़रूरी है.
32:34 मैं आमतौर पर दोपहर में या सुबह अच्छी तरह पढ़ती हूं. मैं पहले कॉफ़ी पीती हूं, क्योंकि कॉफ़ी के बिना मैं सोच नहीं पाती हूं और कभी-कभार नाश्ता भी करती हूं. फिर मैं अपना टेक्स्ट उठाती हूं, उसे याद करने की कोशिश करती हूं और धीरे-धीरे ख़ुद से बोलकर दोहराती हूं. मैं ऐसे ही तैयारी करती हूं. कभी-कभी मैं थोड़ी एक्सरसाइज़ भी करती हूं या टहलने निकल जाती हूं, ताकि शरीर थोड़ा ऐक्टिव हो जाए. अलग-अलग रुचियां होना बहुत ज़रूरी है. रटने के अलावा म्यूज़िक, आर्ट और दूसरी रोचक चीज़ें भी हमारे दिमाग़ की तंत्रिका कोशिकाओं को ऐक्टिव बनाए रखती हैं.
33:21 हमें लगातार ऐसी चीज़ों से जुड़ना चाहिए, जो हमें दिलचस्प लगें. क्योंकि इन्हीं से याददाश्त बनाने वाले दिमाग़ी नेटवर्क ऐक्टिव रहते हैं और उन्हें पोषण मिलता है. शारीरिक गतिविधि भी बहुत अहम है. मैं बहुत ज़ोर देकर कहना चाहता हूं कि शरीर को सक्रिय रखना बेहद ज़रूरी है. ख़ासकर एरोबिक एक्सरसाइज़, जिसमें शरीर को ज़्यादा ऑक्सीजन मिलती है. जैसे तेज़ चलना या जंगल में टहलना. ये बातें भले मामूली लगें, पर याददाश्त अच्छी बनाए रखने के लिए बहुत ज़रूरी हैं. इससे हमारे दिमाग़ के हिप्पोकैम्पस नामक हिस्से की तंत्रिका कोशिकाएं सक्रिय रहती हैं, जो याददाश्त के लिए बहुत अहम है.
34:15 मैं चैंपियनशिप शुरू होने से काफ़ी पहले ही प्रैक्टिस शुरू कर देता हूं. मैं घर पर ही रोज़ कुछ न कुछ करने की कोशिश करता हूं. याददाश्त पर बुरा असर डालने वाली कई वजहें होती हैं. बहुत ज़्यादा शराब, कम नींद, तनाव, डिप्रेशन और ध्यान लगाने की घटती क्षमता. ये सारी वजहें एक-दूसरे से जुड़ी हुई भी होती हैं. जब मैं मेमोरी स्पोर्ट्स के लिए अपने नंबर याद करता हूं, तो मैं अपना फ़ोन बिल्कुल नहीं देखता. वो बंद रहता है और कमरे के एक कोने में पड़ा होता है. अगर मैं ट्रेनिंग कर रहा हूं, तो मैं तीन घंटे तक फ़ोन देखता ही नहीं हूं. मैं कहूंगा कि यक़ीनन मैं बहुत बड़ा भुलक्कड़ हूं. क्योंकि मेरा ध्यान अक्सर भटक जाता है, इसका कारण है कि दिनभर मेरे दिमाग़ में बहुत सी दूसरी बातें चल रही होती हैं. और ज़्यादातर लोगों के साथ भी यही होता है. आपको रेलवे स्टेशन पर लोग घबराहट में अपना टिकट सात बार चेक करते दिखेंगे.
35:02 “मुझे प्लेटफ़ॉर्म नंबर सात पर जाना है न? सात?” फिर वे दोबारा सोचेंगे कि, “हां, प्लेटफ़ॉर्म सात ही था.” तो मैं बस ये कहता हूं कि इमैजिन करो कि प्लेटफ़ॉर्म पर सात बौने खड़े हैं, जो आपको हाथ हिलाकर सलाम कर रहे हैं. इस तरह आपको बार- बार टिकट नहीं चेक करना होगा. हक़ीक़त ये है कि हम ऐसे दौर में जी रहे हैं, जहां हर चीज़ आसानी से उपलब्ध है. ज़रूरी नहीं कि मुझे हर बात याद रखनी पड़े, क्योंकि मैं उसे अपने फ़ोन में सेव कर सकता हूं या ChatGPT जैसे किसी AI से पूछ सकता हूं और मुझे फ़ौरन जवाब मिल जाता है. लेकिन हर चीज़ हमेशा सेव करके रखने की ये आदत हमारी याददाश्त के लिए परेशानी बन सकती है. ये हमारे दिमाग़ पर क्या असर डालती है? हमारे दिमाग़ को भी क़सरत की ज़रूरत होती है.
35:50 दिमाग़ को चीज़ों को देखना, उन्हें याद रखना और फिर ज़रूरत पड़ने पर वापस याद करना, इन सबकी प्रैक्टिस करनी पड़ती है. दिमाग़ की पूरी मशीनरी को हमेशा सक्रिय और मज़बूत रखना ज़रूरी है. लोगों की आवाज़ें मुझे सबसे ज़्यादा परेशान करती थीं. मैं जब भी सुपरमार्केट की गलियों से गुज़रती, आसपास के लोग बातें कर रहे होते थे. इतने ज़्यादा प्रॉडक्ट्स एक साथ सामने आ जाते थे कि मैं उन्हें ठीक से समझ या चुन ही नहीं पाती थी. अब हालात कुछ हद तक सामान्य हो चुके हैं. फिर भी मैं अपने साथ एक नोट रखती हूं, क्योंकि कभी-कभी कुछ चीज़ें याद रखना आज भी मुश्किल हो जाता है. ये इस पर निर्भर करता है कि उस दिन मेरी हालत कैसी है.
36:37 अब इतनी सारी चीज़ों की मौजूदगी मुझे पहले जितना परेशान नहीं करती. मैं फिर से चीज़ों को ठीक से समझ और अलग कर पाती हूं. इसलिए मुझे अब शॉपिंग करना पहले से ज़्यादा अच्छा लगता है. वैसे अच्छा लगता है कि हम फिर से इस तरह साथ में बैठ सकते हैं. एक साल पहले तक तो हमें ये भी नहीं पता था कि ऐसा फिर कभी हो भी पाएगा या नहीं. शायद सबसे पहले आपने फिर से क्वार्क बनाया था. हां, और आलू भी छीले थे. अब डेढ़ साल बाद आपकी सारी आदतें वापस लौट रही हैं. अचानक से तो नहीं, पर धीरे-धीरे सब लौट रहा है, है न? हां, और मुझे लगता है कि अब चीज़ें पहले जैसी नहीं रहीं, बल्कि सकारात्मक तरीक़े से बदल गई हैं. तो ये एहसास अच्छा लगता है कि आपदा की ऐसी कोई भी स्थिति
37:24 पर्सनल ग्रोथ का अवसर बन सकती है. सही कहा. मैं सच में कोशिश करती हूं कि कोई भी चीज़ हल्के में न लूं. और जब मैं कुछ फिर से कर पाती हूं, तो उसे दिल से सेलिब्रेट करती हूं और ख़ुद से कहती हूं कि वाह, कितनी अच्छी बात है कि ये चीज़ फिर से हो पा रही है. रिवॉर्ड सिस्टम हमारी सीखने की प्रक्रिया और चीज़ों को याद रखने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है. इनाम, किसी मां की अपने बच्चे को दी गई अच्छी सीख भी हो सकती है. किसी ऐक्टर के लिए लोगों की तालियां इनाम हो सकती हैं. लेकिन इनाम एक ऊंचे स्तर पर भी हो सकता है. जैसे जब मैं कुछ नया सीखती हूं, तो वो अपने आप में इनाम जैसा ही होता है. और ये सच भी है, क्योंकि उस वक़्त मुझे लगता है कि मुझे कुछ ऐसा पता चला है,
38:11 जो दूसरे नहीं जानते. तब मुझे लगता है कि मैं बहुत ही ख़ास हूं. जर्मन चैंपियनशिप में बाक़ी चैंपियनशिप्स की तरह हमेशा एक डेकथलॉन होता है. इसमें दस मुक़ाबले होते हैं. अगर आप शीर्ष मुक़ाबलों में शामिल होना चाहते हैं, तो आपको सबमें हिस्सा लेना होता है. इन मुक़ाबलों में शब्द, नाम, चेहरे, नंबर, ताश के पत्ते और ऐतिहासिक तारीख़ें याद करनी होती हैं. ऐतिहासिक तारीख़ें मेरा पसंदीदा मुक़ाबला है. मैंने वहां लंबे वक़्त तक, पूरे दस साल तक, वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम रखा है. आपको सालों की एक लिस्ट और उनसे जुड़ी एक मनगढ़ंत घटना दी जाती है. वो कुछ भी हो सकती है, ताकि इतिहास के अच्छे जानकारों को कोई फ़ायदा न मिले. इस चैंपियनशिप में मैंने पांच मिनट में 108 ऐतिहासिक तारीख़ें याद कर ली थीं.
38:58 मैं अमूमन तब ख़ुश होता हूं, जब चैंपियनशिप ख़त्म हो जाती है, क्योंकि ये वाक़ई बहुत थका देने वाली होती है. ये बिल्कुल असली खेल जैसी है. जैसे मैराथन दौड़ने पर आप फ़िनिश लाइन पार करते वक़्त पूरी तरह थक चुके होते हैं. पर इस बात की ख़ुशी होती है कि आपने उसे पूरा कर लिया. मैं एक्साइटेड हूं, लेकिन ये घबराहट कम और ख़ुशी वाला एक्साइटमेंट ज़्यादा है. ये ऐसा नहीं है कि 'मुझे उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा और वो हमारे पक्ष में होंगे'. बल्कि ये ऐसा है कि 'हां, बढ़िया, आज क्या होने वाला है?' जब तालियां बजनी शुरू होती हैं, तो सब अपनी जगह पर आ जाता है. तभी मैं सच में उसे महसूस करती हूं.
39:43 मेरे अंदर कुछ पिघल सा जाता है. और वो एहसास बहुत ख़ास होता है. लोग खड़े होकर तालियां बजाते हैं. कुछ रोते हैं, कुछ हंसते हैं और सब कुछ महसूस करते हैं. अगर दर्शकों पर शो का ऐसा असर होता है, तो मुझे लगता है कि हमने सच में कुछ कर दिखाया है. हर कोई जन्म से एक जैसी अच्छी याददाश्त लेकर पैदा नहीं होता. लेकिन हम सिर्फ़ अपने जीन्स के रहमो-करम पर भी नहीं हैं. हम अपनी याददाश्त बेहतर बना सकते हैं. यहां तक कि स्ट्रोक जैसी किसी गंभीर बीमारी के बाद भी. मुझे उम्मीद है कि मैं एक दिन फिर से काम पर लौट पाऊंगी. और अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी वैसे ही जी पाऊंगी, जैसे पहले जीती थी. तब मैं ख़ुश हो जाऊंगी. टारगेटेड ट्रेनिंग, आसपास अच्छा और संतुलित माहौल,
40:28 खेल, संगीत और पूरी नींद. यही चीज़ें हमारे दिमाग़ की नसों के सेल्स को सक्रिय करती हैं. जर्मन मेमोरी चैंपियन 2025, एक बार फिर से: योहानस मैलो शुक्रिया. सच में? बिल्कुल. ये बहुत अच्छा है. बाक़ी ट्रॉफियां मैं आपको बाद में दूंगा. ये मेरी 55वीं चैंपियनशिप थी और इनमें से कम से कम 45 बार मैं ट्रॉफी लेकर घर लौटा हूं. जब सब कुछ अच्छा होता है और मैं अच्छा परफॉर्म करता हूं, तो मुझे ख़ुशी होती है. तो अभी मैं जीतकर और ट्रॉफ़ी पाकर बहुत खुश हूं. लगातार सीखते रहना हमारी याददाश्त का ईंधन है. अगर हम चीज़ों से जुड़े रहें, तो हम बढ़ती उम्र में भी लंबे समय तक सक्रिय और काम करते रहने लायक बने रह सकते हैं.
41:16 सीखना हमें व्यक्तिगत रूप से आगे बढ़ाता है. अच्छी याददाश्त के साथ हम दुनिया को और बेहतर समझ पाते हैं. हम नई चीज़ों में दिलचस्पी रखते हैं. फिर नई चीज़ें उस समझ को बदल देती हैं, जिसे हम पहले सही मानते थे. ये लगातार सीखने की प्रक्रिया है. लगातार समझने का सफ़र, जो नई सीख की ओर ले जाता है. क्योंकि नई समझ नए सवाल पैदा करती है. इसका कोई अंत नहीं है. हम ज़िंदगीभर सीखते रहते हैं.